March 7, 2026

उत्तराखंड में हिंसक झड़प: दो समुदायों के बीच पथराव-फायरिंग के आरोप, कई घायल

0
rudrapur-bhootbangla-maarpeet.jpg

रुद्रपुर के भूतबंगला इलाके में गुरुवार रात होली के कार्यक्रम के दौरान दो समुदायों के बीच छोटा-सा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मामला मारपीट, पथराव और फायरिंग के आरोपों तक पहुंच गया, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर स्थिति नियंत्रित की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

घटना की शुरुआत तब हुई जब मोहल्ले में होली खेल रहे लोगों के बीच एक ई-रिक्शा चालक युवक बार-बार चक्कर लगा रहा था। स्थानीय निवासियों ने उसे रोकने की कोशिश की, जिस पर युवक ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और चला गया। कुछ देर बाद वह अपने साथियों के साथ लौटा और मौके पर मौजूद लोगों पर हमला बोल दिया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए, जिसमें लाठियां-डंडे चले और जमकर ईंट-पत्थर बरसाए गए। कुछ लोगों ने फायरिंग होने का आरोप भी लगाया है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

झड़प में दोनों तरफ से कुल मिलाकर 6-7 लोग घायल हुए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना का वीडियो स्थानीय लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

एक पक्ष ने रम्पुरा चौकी पहुंचकर तहरीर दी है, जिसमें आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। एक पीड़ित महिला ने एक पुलिसकर्मी पर भी पिटाई का आरोप लगाया है, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है।

रुद्रपुर एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया, “दोनों पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को काबू में किया। फिलहाल शांति व्यवस्था पूरी तरह बहाल है। दोनों पक्षों से प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *