March 11, 2026

भयानक सड़क हादसा : सेना का बुलेटप्रूफ वाहन 200 फीट गहरी खाई में गिरा, 10 जवान शहीद, 7 घायल

0
doda-jammu-and-kashmir-accident.jpg

डोडा (जम्मू-कश्मीर): जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भद्रवाह-चंबा मार्ग पर खन्नी टॉप के पास आज एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है। सेना का बुलेटप्रूफ वाहन नियंत्रण खोकर 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा, जिसमें सवार 17 जवानों में से 10 की मौके पर ही मौत हो गई। सात अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

स्थानीय प्रशासन और सेना के अधिकारियों के अनुसार, वाहन निकटवर्ती पोस्ट की ओर जा रहा था। अचानक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और यह खाई में गिर पड़ा। हादसे की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस ने संयुक्त रूप से तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने बड़ी मुश्किल से 10 जवानों के शव बरामद किए, जबकि घायल सात जवानों को बाहर निकाला गया।

घायलों में से तीन की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। उन्हें तत्काल एयरलिफ्ट कर उधमपुर के सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। बाकी घायलों का इलाज नजदीकी सैन्य चिकित्सा केंद्रों में जारी है।

सेना ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शहीद जवानों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। भारतीय सेना के प्रवक्ता ने कहा, “हमारे बहादुर जवानों ने देश की सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। हम शहीदों के परिजनों के साथ हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”

हादसे के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मौसम की खराबी, सड़क की दुर्गम स्थिति और वाहन का संभावित तकनीकी खराबी जैसे कारक जांच के दायरे में हैं। सेना ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed