उत्तराखंड में रोजाना हत्या डकैती चोरी व बलात्कार की घटनाएं, कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त- सूर्यकांत धस्माना
देहरादून: उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। राजधानी देहरादून के सबसे व्यस्त इलाके पलटन बाजार में सुबह-सुबह सरे आम एक युवती की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इसी तरह हरिद्वार जिले के रुड़की में संत रविदास जयंती के अवसर पर शोभायात्रा के दौरान हुए विवाद में गोलीबारी से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हुए। ऋषिकेश सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी चोरी, लूटपाट और डकैती की घटनाएं सामने आ रही हैं।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने इन घटनाओं को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। अपराधी अब राजधानी के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में भी बेखौफ होकर वारदात अंजाम दे रहे हैं।
श्री धस्माना ने कहा, “पलटन बाजार जैसे व्यस्त बाजार में युवती पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या की गई, ऋषिकेश में भी इसी तरह युवती की हत्या हुई और रुड़की में रविदास जयंती के भंडारे के दौरान गोलीबारी में दो लोगों की जान चली गई। पुलिसिंग का नामोनिशान नहीं बचा है। पुलिस केवल कुछ मामलों में गिरफ्तारी के बाद अपनी पीठ थपथपा रही है, जबकि अपराधी खुलेआम अराजकता फैला रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा में उत्तराखंड पर्वतीय राज्यों में पहले ही शीर्ष पर है और अब हत्या, लूट व डकैती में भी पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश को कड़ी टक्कर दे रहा है। श्री धस्माना ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
उन्होंने घोषणा की कि आगामी 16 फरवरी को देहरादून में कांग्रेस द्वारा आयोजित राजभवन घेराव (राज भवन कूच) में ध्वस्त हुई कानून-व्यवस्था मुख्य मुद्दा रहेगा। कांग्रेस नेता ने सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है ताकि अपराधियों पर लगाम लगाई जा सके और आम जनता में सुरक्षा की भावना बहाल हो।
