February 25, 2026

उत्तराखंड : 12 साल के बच्चे के सिर पर नाबालिग ने मारा डंडा, दर्दनाक मौत

0
1771996016_murder.jpg

रुड़की : खेल-खेल में हुई छोटी-सी कहासुनी ने एक मासूम की जान ले ली। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला चंदापुर गांव में सोमवार दोपहर डॉ. आंबेडकर पार्क में क्रिकेट खेलते समय बच्चों के बीच हुए झगड़े में एक नाबालिग किशोर ने 12 वर्षीय भानू पुत्र बालेंद्र के सिर पर डंडे से जोरदार वार कर दिया। इस चोट से गंभीर रूप से घायल भानू को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के अनुसार, सोमवार दोपहर क्षेत्र के बच्चे पार्क में क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान किसी बात पर विवाद बढ़ गया। इसी बीच आरोपी नाबालिग ने भानू के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। वार के बाद अन्य बच्चे मौके से भाग गए, जबकि भानू घर पहुंचा और परिवार को घटना बताकर बेहोश हो गया। परिजनों ने उसे तुरंत बीएसएम तिराहा स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर गंगनहर कोतवाली में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। इंस्पेक्टर मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी के नाबालिग होने की पुष्टि हुई है। पुलिस हत्यारोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। जांच में हत्या के सटीक कारणों, विवाद की जड़ और अन्य पहलुओं का पता लगाया जा रहा है।

वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस दोनों पक्षों के बीच शांति बनाए रखने के लिए सतर्क है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। मामूली खेल-विवाद में एक बच्चे की मौत ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने बच्चों के बीच छोटे-मोटे झगड़ों को लेकर अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *