देहरादूनः उत्तराखंड में नगर निकाय के चुनावों का ऐलान हो चुका है। भाजपा, कांग्रेस प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा कर रही है। दावेदारों के पैनलों पर दो दिन मंथन करने के बाद भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति प्रत्याशियों के नामों पर आज मुहर लगाएगी। माना जा रहा है कि सहमति बनने की स्थिति में आज ही नामों की पहली लिस्ट भी जारी की जा सकती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि नगर निगम के मेयर पद को छोड़कर दो-तीन दिन में पार्टी अपने सभी प्रत्याशियों की घोषणा कर देगी। चुनाव संचालन समिति में मेयर पद के तैयार पैनलों में शामिल नामों पर विचार तो होगा, लेकिन निर्णय केंद्रीय चुनाव संचालन समिति करेगी।
भाजपा ने गढ़वाल क्षेत्र के नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के अध्यक्ष, सभासद व पार्षद पदों के लिए तैयार किए गए पैनलों पर बारी-बारी से विचार-विमर्श कर लिया है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने जिला टोली कमेटियों में शामिल जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, क्षेत्रीय विधायकों, पर्यवेक्षकों और 2022 में चुनाव हारे प्रत्याशियों के साथ एक-एक नाम पर चर्चा कर ली गई है।
The post उत्तराखंड : BJP आज लगाएगी मुहर, जारी कर सकती है पहली सूची first appeared on headlinesstory.