March 10, 2026

दूल्हे की बरात पहुंची, लेकिन…न दुल्हन मिली, न उसका घर

0
Screenshot_2025-01-29-11-49-18-15_40deb401b9ffe8e1df2f1cc5ba480b12.jpg

शिमला: हिमाचल प्रदेश के हरोली क्षेत्र के सिंगा गांव में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई, जिसने सभी को हैरान कर दिया। मंगलवार को एक युवक पूरी शान-ओ-शौकत से सज-धजकर, सेहरा बांधकर अपनी बरात के साथ दुल्हन के घर पहुंचा, लेकिन वहां न तो दुल्हन मिली और न ही कोई शादी का घर।

 

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के एक गांव से बरात गाड़ियों में सवार होकर जब सिंगा गांव पहुंची, तो वहां के ग्रामीण भी हैरान रह गए। जब बरातियों ने शादी वाले घर के बारे में पूछा, तो गांव वालों ने साफ कह दिया कि यहां ऐसी कोई शादी नहीं हो रही। दूल्हा पक्ष को यकीन नहीं हुआ, इसलिए उन्होंने दुल्हन की फोटो दिखाकर पूछताछ की। ग्रामीणों ने जब फोटो देखी, तो साफ कहा कि यह लड़की उनके गांव की नहीं है। यह सुनते ही बरातियों के होश उड़ गए।

 

बरात में मौजूद वह महिला, जिसने यह रिश्ता तय करवाया था, गाड़ी से उतरी और कहा कि शादी इसी गांव में है। उसने बताया कि गांव में किसी की मौत हो गई है, इसलिए टेंट कहीं और लगाया गया है। उसने यह भी कहा कि वह लड़की के घर जाकर पता करके आती है और फिर अपने पति के साथ गाड़ी में बैठकर वहां से चली गई।

 

समय बीतता गया, लेकिन वह महिला वापस नहीं आई। जब बरातियों और ग्रामीणों को शक हुआ, तो उन्होंने महिला को फोन किया। महिला ने फोन पर बताया कि लड़की ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया है और उसे पंजाब के नवांशहर अस्पताल ले जाया जा रहा है। इस पर संदेह और बढ़ गया।

 

कुछ लोगों ने दूसरी गाड़ी लेकर महिला का पीछा किया और उसे पकड़कर वापस सिंगा गांव ले आए। इसके बाद बरातियों और महिला के बीच विवाद बढ़ने लगा। मामला गंभीर होता देख पंचायत के प्रतिनिधि और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।

 

पुलिस ने दोनों पक्षों को पंचायत घर में बैठाकर मामला शांत करवाने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने बताया कि यह मामला थाना सदर क्षेत्र के तहत आता है, क्योंकि रिश्ता करवाने वाली महिला और दूल्हा पक्ष दोनों एक ही गांव से हैं। पुलिस ने कहा कि यदि उन्हें कोई शिकायत करनी है, तो थाना सदर में दर्ज करवाएं।

 

शाम करीब पांच बजे दोनों पक्ष सिंगा गांव से रवाना हो गए, लेकिन कोई भी थाना सदर नहीं पहुंचा। अब इस बात को लेकर संशय बना हुआ है कि वे बुधवार को शिकायत दर्ज करवाएंगे या नहीं।

 

डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि पुलिस टीम ने पूरे मामले की जानकारी जुटाई है। जांच में यह मामला थाना सदर के अंतर्गत आने वाले गांव से जुड़ा पाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाना सदर जाकर मामला दर्ज करवाने के लिए कहा है। यदि वे शिकायत दर्ज करवाते हैं, तो आगे की कार्रवाई वहीं से होगी।

 

इस पूरी घटना से यह संदेह गहरा गया है कि कहीं यह शादी के नाम पर ठगी की साजिश तो नहीं थी। रिश्ता करवाने वाली महिला का फरार होना, दुल्हन और उसके घर का अस्तित्व ही न होना, और फिर लड़की के जहरीला पदार्थ खाने की झूठी कहानी गढ़ना—इन सभी पहलुओं पर पुलिस गहराई से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed