March 29, 2026

देहरादून एयरपोर्ट पर समर शेड्यूल लागू, 34 उड़ानों को मंजूरी, नवी मुंबई और पिथौरागढ़ के लिए सीधी उड़ानें शुरू

0
114781986.cms_-662x311.jpg

देहरादून :जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर रविवार से समर शेड्यूल लागू कर दिया गया है, जो 24 अक्तूबर तक प्रभावी रहेगा। नए शेड्यूल के तहत कुल 34 उड़ानों को मंजूरी दी गई है। साथ ही कुछ उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है और कुछ नए शहरों को भी एयरपोर्ट नेटवर्क से जोड़ा गया है।

इस समर शेड्यूल में भुवनेश्वर की उड़ान को शामिल नहीं किया गया है, जबकि नवी मुंबई और पिथौरागढ़ के लिए पहली बार सीधी उड़ान सेवा शुरू की गई है। अब देहरादून से दिल्ली, अहमदाबाद, कुल्लू, हैदराबाद, जयपुर, मुंबई, बेंगलुरु, लखनऊ, पुणे, नवी मुंबई, कोलकाता और पिथौरागढ़ सहित कुल 12 शहरों के लिए सीधी उड़ानें संचालित होंगी। कुछ उड़ानें 29 मार्च से शुरू हो गई हैं, जबकि अन्य अलग-अलग तिथियों से संचालित होंगी।

इसी के साथ एयरपोर्ट पर डिजिटल सुविधा “Digi Yatra” का भी शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वर्चुअल माध्यम से किया। इस सेवा के जरिए यात्रियों को बिना दस्तावेज दिखाए, केवल चेहरे की पहचान के आधार पर एयरपोर्ट में प्रवेश की सुविधा मिलेगी।

डिजी यात्रा सेवा लागू होने के बाद यात्रियों को चेक-इन, बोर्डिंग और सुरक्षा जांच में लगने वाले समय से राहत मिलेगी। यह पूरी प्रक्रिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित फेस रिकग्निशन तकनीक पर आधारित है, जिससे यात्रियों को पेपरलेस और कॉन्टैक्टलेस यात्रा का अनुभव मिलेगा।

इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए यात्रियों को अपने मोबाइल में डिजी यात्रा ऐप डाउनलोड कर आधार और मोबाइल नंबर के जरिए रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद फ्लाइट से संबंधित जानकारी और फोटो अपलोड करनी होगी। एयरपोर्ट पर लगे कैमरे ऐप में दर्ज डेटा से चेहरे का मिलान कर स्वचालित गेट खोल देंगे। सुरक्षा के लिहाज से ऐप में दर्ज डेटा यात्रा के 24 घंटे बाद स्वतः डिलीट हो जाएगा।

एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए वाई-फाई, पुस्तक पढ़ने की व्यवस्था और बच्चों के लिए किड्स जोन जैसी सुविधाएं भी शुरू की हैं।

देहरादून-नवी मुंबई के बीच पहली सीधी उड़ान

समर शेड्यूल के तहत आज से देहरादून और नवी मुंबई के बीच पहली बार सीधी उड़ान सेवा शुरू की गई है। यह सेवा IndiGo द्वारा संचालित की जा रही है। एयरलाइन का 186 सीटर विमान शाम 5:35 बजे नवी मुंबई से देहरादून पहुंचेगा और 6:10 बजे वापसी उड़ान भरेगा।

लगभग 2 घंटे 25 मिनट की इस यात्रा के लिए शुरुआती किराया करीब 10,939 रुपये रखा गया है, जो समय के साथ बदल सकता है। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन को देखते हुए इस नई उड़ान से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed