हर महिला को 2500 रुपये: भाजपा ने महिला समृद्धि योजना को दी हरी झंडी

दिल्ली : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भाजपा ने महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने की घोषणा की। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली में आयोजित ‘महिला दिवस कार्यक्रम’ में महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “महिला समृद्धि योजना” को लागू करने के लिए 5100 करोड़ रुपये का बजट पास कर दिया गया है। इस योजना के तहत हर पात्र महिला को 2500 रुपये दिए जाएंगे।

जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का ध्यान “Women-led Development” पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि जब नारी शक्ति का विकास होता है, तो देश और दुनिया का विकास होता है। भाजपा हमेशा से महिलाओं के उत्थान के लिए काम करती आई है, और आज भी यही संकल्प दोहराया जा रहा है।

जेपी नड्डा ने यह भी कहा कि दिल्ली में भाजपा की जीत में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने दिल्ली की महिलाओं को धन्यवाद देते हुए कहा, “यदि महिलाओं का समर्थन न मिलता तो दिल्ली में भाजपा की जीत संभव नहीं होती। यह जीत महिलाओं के आशीर्वाद और सहयोग से ही मिली है।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मौके पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस के दौर में जब इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री थीं, तो उनके अलावा कोई महिला कैबिनेट में नहीं थी। वहीं, आप की सरकार में महिला सांसदों को घर पर बुलाकर पीटा जाता था। भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जहां महिलाओं का वास्तविक सम्मान किया जाता है।”

रेखा गुप्ता ने बताया कि “भाजपा ने ही मुझे मुख्यमंत्री बनाकर बजट पेश करने का अवसर दिया है, ठीक उसी तरह जैसे केंद्र में निर्मला सीतारमण को वित्त मंत्री बनाया गया।” उन्होंने कहा कि भाजपा में महिलाओं को अवसर दिए जाते हैं, न कि सिर्फ दिखावे के लिए आगे लाया जाता है।

दिल्ली की कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने “महिला सम्मान योजना” पर मुहर लगा दी है। उन्होंने कहा, “हमने दिल्ली चुनाव के संकल्प पत्र में वादा किया था कि गरीब बहनों को 2500 रुपये की सहायता दी जाएगी। आज हमने इसे पूरा करने के लिए 5100 करोड़ रुपये का बजट पास कर दिया है।”

महिलाओं के लिए नई योजनाएं

जेपी नड्डा ने बताया कि भाजपा सरकार ने कई योजनाओं से महिलाओं को सशक्त किया है:

नारी शक्ति वंदन योजना

नारी पंचायत योजना

उज्ज्वला योजना – जिससे महिलाएं लकड़ी काटने और चूल्हे के धुएं से मुक्त हुईं.

वन स्टॉप सेंटर – हर जिले में महिलाओं के लिए मदद केंद्र बनाए जाएंगे.

पिंक टॉयलेट योजना – हर जरूरत की जगह पर महिलाओं के लिए विशेष शौचालय बनाए जाएंगे.

जेपी नड्डा ने कहा कि जब भी विकसित भारत की कल्पना की जाती है, तो उसमें महिलाओं की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा, “महिलाओं के बिना न तो समाज आगे बढ़ सकता है, न ही देश। भाजपा सरकार इस सोच के साथ काम कर रही है कि महिलाओं को जितना सशक्त किया जाएगा, देश उतना ही आगे बढ़ेगा।”

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर भाजपा ने महिलाओं के लिए कई नई योजनाओं की घोषणा की, जिसमें सबसे प्रमुख महिला समृद्धि योजना है। दिल्ली सरकार द्वारा इसे लागू करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। भाजपा ने यह स्पष्ट कर दिया है कि महिलाओं के विकास के बिना देश का विकास अधूरा है, और इस दिशा में सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *