2025 बजट सत्र की शुरुआत: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन

नई दिल्ली : भारत का 2025 का बजट सत्र आज से शुरू हो गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद की संयुक्त बैठक में अपने अभिभाषण की शुरुआत की और देशवासियों को संबोधित किया। यह सत्र 31 जनवरी से 4 अप्रैल तक दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण का समापन 13 फरवरी को होगा, जबकि दूसरे चरण की शुरुआत 10 मार्च से होगी। राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संबोधन में सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं और उपलब्धियों को साझा किया।

राष्ट्रपति का संबोधन

राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने अभिभाषण की शुरुआत महाकुंभ में हुए हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर भी संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति ने महिलाओं के सशक्तिकरण, विशेष रूप से स्वयसेवी संगठनों और सरकारी योजनाओं के माध्यम से उनके आर्थिक और तकनीकी सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब लड़ाकू विमानों का संचालन कर रही हैं और कॉरपोरेट सेक्टर में नेतृत्व कर रही हैं।

इसके अलावा, राष्ट्रपति ने गरीबों और मध्यम वर्ग के लिए सरकार की योजनाओं की चर्चा की। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, पीएम आवास योजना, पीएम स्वामित्व योजना, और आयुष्मान योजना का उल्लेख किया, जिनसे करोड़ों लोगों को सहायता मिली है। राष्ट्रपति ने कहा कि देश में मध्यम वर्ग का नया वर्ग तैयार हो रहा है, जो देश की तरक्की को गति दे रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संसद भवन के बाहर बजट सत्र की शुरुआत पर मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा, “हमारे गणतंत्र ने 75 वर्ष पूरे कर लिए हैं, और यह देश के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व की बात है। इस देश के लोगों ने मुझे तीसरी बार ये जिम्मेदारी दी है और यह तीसरा कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट है।

प्रधानमंत्री मोदी ने देश के भविष्य को लेकर अपना दृष्टिकोण साझा करते हुए कहा, “2047 में जब हम अपनी आज़ादी के 100 साल मनाएंगे, तब भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में खड़ा होगा। यह बजट सत्र देश को नया विश्वास और नई ऊर्जा देगा, जिससे हम अपनी संकल्पित दिशा में आगे बढ़ेंगे।”

केंद्रीय बजट 2025 की तैयारी

केंद्रीय बजट 2025 को एक फरवरी को वित्त मंत्री द्वारा पेश किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बजट को विशेष महत्व देते हुए कहा कि यह देश की समृद्धि और कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस बजट से मध्यम वर्ग और गरीब वर्ग के लोगों को विशेष लाभ मिलेगा, और समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी की कृपा देशवासियों पर बनी रहेगी।

संसद भवन में गार्ड ऑफ ऑनर

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संसद भवन पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राष्ट्रपति का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *