हाथरस : आगरा जा रही काठगोदाम डिपो की बस बुधवार तड़के हाथरस के मीतई गांव के पास हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना लगभग तीन बजे हुई, जब बस की आमने-सामने भिड़ंत हाथरस डिपो की बस से हो गई। इस टक्कर में चालक और परिचालक समेत कई यात्री घायल हो गए। जैसे ही घटना की सूचना मिली, हल्द्वानी से रोडवेज अधिकारी तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।
आगरा के लिए रवाना हुई थी बस
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, चालक विजय सिंह और परिचालक कमल काठगोदाम डिपो की बस में यात्रियों को लेकर आगरा के लिए निकले थे। हाथरस क्षेत्र में कुछ यात्रियों को उतारने के बाद बस आगे बढ़ी, तभी मीतई गांव के पास सामने से आ रही हाथरस डिपो की बस से टकरा गई।
चालक का पैर फ्रैक्चर, कई यात्री घायल
इस हादसे में काठगोदाम डिपो की बस के चालक का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि दोनों बसों में सवार यात्रियों को भी चोटें आईं। इसी दौरान काठगोदाम डिपो की एक अन्य बस वहां से गुजर रही थी, जिसके चालक सुभाष ने डिपो को फोन कर दुर्घटना की जानकारी दी।
अधिकारी मौके पर रवाना
घटना की सूचना मिलते ही एआरएम और स्टेशन इंचार्ज घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। वहां पहुंचने के बाद ही हादसे में घायल अन्य यात्रियों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।