पुण्य तिथि पर याद किए गए पंडित जवाहर लाल नेहरू, कांग्रेस में नेताओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

देहरादून: देश के प्रथम प्रधानमंत्री और स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी पंडित जवाहरलाल नेहरू की 61वीं पुण्य तिथि पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन व प्रशासन) सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि पंडित नेहरू आधुनिक भारत की नींव रखने वाले दूरदर्शी नेता थे।

उन्होंने औद्योगिक, व्यापारिक, वैज्ञानिक और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की प्रगति का मार्ग प्रशस्त किया। धस्माना ने बताया कि नेहरू की तीन पीढ़ियों ने स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लिया, जो विश्व में एक अनूठा उदाहरण है। उन्होंने भारत की नव रत्न कंपनियों की स्थापना की शुरुआत भी की।

धस्माना ने पंडित नेहरू के बहुआयामी व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि वे न केवल एक प्रखर स्वतंत्रता सेनानी थे, बल्कि कुशल प्रशासक और दार्शनिक भी थे। उनकी पुस्तकें जैसे लेटर्स फ्रॉम ए फादर टू हिज डॉटर, ग्लिंपसेस ऑफ वर्ल्ड हिस्ट्री, एन ऑटोबायोग्राफी और डिस्कवरी ऑफ इंडिया विश्व प्रसिद्ध हैं।

कांग्रेस विधायक दल के उपनेता भुवन कापड़ी ने कहा कि पंडित नेहरू ने भारत को विज्ञान, तकनीक और तर्कशीलता का हथियार दिया। वे उदारवादी और कुशल प्रशासक थे।

कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, उत्तरकाशी यमुनोत्री जिला अध्यक्ष दिनेश चौहान, प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक महासचिव कमर सिद्दीकी, और प्रदेश किसान कांग्रेस महामंत्री गुड्डू चौहान सहित अन्य नेताओं ने पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित की।

The post पुण्य तिथि पर याद किए गए पंडित जवाहर लाल नेहरू, कांग्रेस में नेताओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन first appeared on headlinesstory.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *