March 11, 2026

BCCI की सख्ती : सहायक कोच अभिषेक नायर, फील्डिंग कोच टी. दिलीप और ट्रेनर सोहम देसाई की छुट्टी

0
BCCI.jpg

नई दिल्ली। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया से 1-3 की हार और ड्रेसिंग रूम की अंदरूनी बातें लीक होने के बाद BCCI ने सख्त रुख अपनाया है। टीम इंडिया के सहायक कोच अभिषेक नायर को सिर्फ आठ महीने के कार्यकाल के बाद हटा दिया गया है। नायर के साथ-साथ फील्डिंग कोच टी. दिलीप और ट्रेनर सोहम देसाई को भी टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।

BCCI के एक सूत्र के अनुसार, ड्रेसिंग रूम से जानकारी लीक होने की शिकायत बीजीटी के बाद हुई समीक्षा बैठक में की गई थी। इसके चलते यह कार्रवाई की गई। दिलीप और नायर की जगह नए कोच नहीं रखे जाएंगे, क्योंकि बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक पहले से टीम के साथ हैं और फील्डिंग का कार्य सहायक कोच रेयान टेन डेस्काटे संभालेंगे।

ट्रेनर सोहम की जगह दक्षिण अफ्रीका के एड्रियन लि रू को लाया गया है। वे वर्तमान में आईपीएल टीम पंजाब किंग्स के साथ जुड़े हुए हैं और इससे पहले कोलकाता नाइटराइडर्स और भारतीय टीम के साथ भी काम कर चुके हैं। बीसीसीआई से उनका करार हो चुका है और आईपीएल के बाद वे भारतीय टीम से जुड़ जाएंगे।

बीसीसीआई पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि जिन सपोर्ट स्टाफ का कार्यकाल तीन वर्षों से अधिक हो चुका है, उन्हें बदला जाएगा। दिलीप और सोहम लंबे समय से टीम के साथ थे, जबकि नायर को हटाया जाना अपेक्षित नहीं था क्योंकि वे सिर्फ आठ महीने पहले जुड़े थे।

जून में इंग्लैंड दौरे के लिए रवाना होने से पहले बीसीसीआई टीम और सपोर्ट स्टाफ में बड़े बदलाव की तैयारी में है। भारतीय टीम का मौजूदा सपोर्ट स्टाफ काफी बड़ा है, जिसमें ट्रेनिंग असिस्टेंट राघवेंद्र, फिजियो कमलेश जैन, मसाजर अरुण कनाडे, टीम ऑपरेशन्स मैनेजर सुमित मल्लापुरकर समेत दर्जनों लोग शामिल हैं।

साथ ही केंद्रीय अनुबंध को लेकर भी बड़े बदलाव के संकेत हैं। पुरुष खिलाड़ियों का नया सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट अभी तक घोषित नहीं हुआ है, जबकि महिला टीम का करार पहले ही जारी किया जा चुका है। संभावना है कि आईपीएल के बाद इंग्लैंड दौरे से पहले पुरुष टीम के अनुबंधों की घोषणा की जाएगी और इसमें कुछ बड़े नामों को बाहर किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed