उत्तराखंड: मोक्ष केदार घाट पर कुत्ते नोच रहे अधजले शवों के अवशेष, आखिर कौन है जिम्मेदार…?
freelancerreporter April 9, 2026 0
उत्तरकाशी: मोक्ष केदार घाट पर इन दिनों एक बेहद चिंताजनक और विचलित कर देने वाला मामला सामने आया है। भागीरथी नदी किनारे स्थित इस घाट पर अधजले शवों के अवशेष खुले में पड़े होने के कारण लावारिस कुत्ते उन्हें नोचते नजर आ रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि अंतिम संस्कार के बाद अवशेषों का सही तरीके से निस्तारण नहीं किया जा रहा है। इसी वजह से घाट क्षेत्र में गंदगी बढ़ रही है और लावारिस कुत्तों की आवाजाही भी लगातार बढ़ रही है।
लोगों में बढ़ा खतरा, कुत्तों के हमले की घटनाएं
गंगा विचार मंच से जुड़े पदाधिकारियों के अनुसार, कुत्तों के मुंह में मानव अवशेष आने से उनका व्यवहार आक्रामक हो रहा है। इसका असर आसपास के इलाकों में भी देखने को मिल रहा है, जहां हाल ही में कुत्तों ने करीब 18 लोगों को काटकर घायल कर दिया।
प्रांत संयोजक लोकेंद्र बिष्ट ने बताया कि कोविड काल के दौरान भी इस तरह की स्थिति सामने आई थी, लेकिन वर्तमान में सामान्य हालात होने के बावजूद ऐसी लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि आए दिन कुत्तों के झुंड घाट पर पहुंचकर अधजले अवशेषों को नोचते दिखाई दे रहे हैं।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और नगर पालिका से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि घाट पर अंतिम संस्कार के बाद सफाई व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए और लावारिस कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए. लोगों का मानना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है, जिससे जनस्वास्थ्य और सुरक्षा दोनों पर खतरा बढ़ेगा।
