March 16, 2026

चारधाम यात्रा 2026: एक सप्ताह में 5.18 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने कराया ऑनलाइन पंजीकरण, केदारनाथ सबसे लोकप्रिय

0
chardham-yatra.jpg

हरिद्वार/देहरादून: उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा में इस वर्ष भी श्रद्धालुओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अगले माह से शुरू होने वाली इस यात्रा के लिए मात्र एक सप्ताह में 5.18 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने ऑनलाइन पंजीकरण करा लिया है। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, केदारनाथ धाम के लिए सबसे अधिक 1.73 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है।

चारधाम यात्रा 19 अप्रैल 2026 से शुरू हो रही है, जब गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलेंगे। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। यात्रा की सुगमता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विभाग ने 6 मार्च से ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की थी। पंजीकरण अनिवार्य होने के कारण श्रद्धालु घर बैठे आधिकारिक पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से आसानी से रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं।

विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, अब तक के ऑनलाइन पंजीकरण इस प्रकार हैं:

केदारनाथ धाम: 1,73,157

बद्रीनाथ धाम: 1,52,478

गंगोत्री: 97,622

यमुनोत्री: 95,606

यह आंकड़ा केवल ऑनलाइन पंजीकरण का है। 17 अप्रैल से हरिद्वार, ऋषिकेश, नया गांव और हरबर्टपुर सहित राज्य के विभिन्न स्थानों पर कुल 50 केंद्रों पर ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

पिछले वर्ष चारधाम यात्रा में लगभग 70 लाख तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया था, जबकि वास्तविक दर्शन करने वालों की संख्या करीब 49 लाख रही थी। इस बार प्रारंभिक पंजीकरण के आंकड़ों से स्पष्ट है कि 2026 में भी रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु चारधाम पहुंच सकते हैं।

पर्यटन विभाग ने सभी संबंधित विभागों को बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यात्रा के दौरान मौसम की चुनौतियों को देखते हुए सुरक्षा, स्वास्थ्य जांच, यातायात प्रबंधन और आवास की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। पहाड़ी इलाकों में मौसम बिगड़ने की खबरें भी आ रही हैं, जहां निचले क्षेत्रों में बारिश और केदारनाथ जैसे ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हो रही है।

श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे समय रहते पंजीकरण कराएं और यात्रा से पहले मौसम, स्वास्थ्य एवं मार्ग संबंधी अपडेट्स की जानकारी लेते रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *