February 16, 2026

उत्तराखंड से बिहार तक हंगामा, मंत्री रेखा आर्य के पति के बयान पर सियासी बवाल

0
rekha-ary-husband-girdhari-lal-sahu.jpg

देहरादून/पटना: उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के बिहार की महिलाओं पर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान ने राजनीतिक हलचल मचा दी है। एक वायरल वीडियो में साहू को यह कहते सुना जा रहा है कि “बिहार में 20-25 हजार रुपये में लड़कियां मिल जाती हैं” और कुंवारे युवाओं की शादी कराने के लिए बिहार से लड़कियां लाई जा सकती हैं।

इस बयान की चारों तरफ निंदा हो रही है। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक महीने बाद सक्रिय होते हुए सोशल मीडिया पर इसकी कड़ी आलोचना की। तेजस्वी ने लिखा कि भाजपाइयों की सोच हमेशा से विषैली रही है – पहले महिलाओं के वोट 10 हजार में खरीदे, अब बिहार से 20-25 हजार में लड़कियां लाने की बात कर रहे हैं। उन्होंने इसे भाजपा की महिलाओं और बिहार के प्रति अपमानजनक मानसिकता करार दिया।

बिहार राज्य महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए साहू को नोटिस जारी करने और उत्तराखंड सीएम को कार्रवाई की मांग वाली चिट्ठी लिखी है। आयोग अध्यक्ष अप्सरा ने इसे बिहार की महिलाओं का घोर अपमान बताया। विपक्षी दलों राजद और कांग्रेस के साथ-साथ सत्ता पक्ष के जदयू और भाजपा के बिहार इकाई ने भी बयान की निंदा की है।

विवाद बढ़ने पर गिरधारी लाल साहू ने सफाई दी कि उनका बयान तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है और यह किसी दोस्त की शादी के संदर्भ में था। उन्होंने माफी भी मांगी। उत्तराखंड भाजपा ने खुद को बयान से अलग करते हुए कहा कि साहू का पार्टी से कोई आधिकारिक संबंध नहीं है और ऐसे बयानों की निंदा करती है। यह मामला उत्तराखंड से बिहार तक राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा रहा है, जहां महिलाओं की गरिमा और सम्मान पर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed