June 18, 2026

खुर्पाताल रोड पर टेम्पो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त, 21 घायल सुरक्षित निकाले गए, दो महिलाओं की मौत

0
1781765368_accident.jpg

कालाढूंगी। नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र में खुर्पाताल रोड पर बुधवार रात एक टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 से 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन में सवार कई यात्री घायल हो गए, जबकि दो महिलाओं की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार 17 जून की रात करीब 8:08 बजे डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि कालाढूंगी से लगभग चार किलोमीटर ऊपर खुर्पाताल रोड पर टेम्पो ट्रैवलर (संख्या यूपी-15 एफटी-6795) दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम मौके के लिए रवाना हुई।

डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर कोतवाली कालाढूंगी पुलिस आपदा प्रबंधन उपकरणों के साथ घटनास्थल पहुंची। स्थानीय लोगों और राहगीरों के सहयोग से पुलिस, एसडीआरएफ तथा फायर सर्विस की टीम ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। रेस्क्यू के दौरान वाहन में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

पुलिस के अनुसार वाहन में चालक समेत कुल 29 लोग सवार थे। बचाव दल ने 21 घायलों को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी सहित पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed