July 18, 2026

दर्दनाक रेल हादसा: पैसेंजर ट्रेन से टकराई स्कूल वैन, दो छात्रों समेत तीन की मौत

0
Screenshot_20260717_101858.jpg

कोलकाता/मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। बहरमपुर थाना क्षेत्र में कर्णसुबर्ण और गोबिंदपुर रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित एक लेवल क्रॉसिंग पर स्कूल वैन निमतिता-काटोया पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में दो स्कूली छात्रों और एक साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निजी स्कूल की वैन छात्रों को लेकर लेवल क्रॉसिंग पार कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही पैसेंजर ट्रेन ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। बताया जा रहा है कि वाहन में चालक सहित आठ लोग सवार थे।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक ट्रेन गुजरने के बाद रेलवे फाटक खोल दिया गया था, जबकि दूसरी लाइन पर ट्रेन आ रही थी। ऐसे में फाटक खुला रहने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद रेलवे के गेटमैन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को पहले कर्णसुबर्ण ब्लॉक अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल छात्रों को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed