August 13, 2026

देहरादून मेडिकल छात्रा की कार में संदिग्ध मौत, HOD पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप

0
tanvi-murder-case.jpg

देहरादून : श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेस से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां नेत्र रोग (एमएस) की पढ़ाई कर रही छात्रा तन्वी संदिग्ध परिस्थितियों में अपनी कार में मृत पाई गई। छात्रा ने मौत से पहले अपने पिता से फोन पर बातचीत में मानसिक तनाव और प्रताड़ना की बात कही थी।

मानसिक प्रताड़ना का आरोप

मृतका ने अपने पिता को बताया था कि विभागाध्यक्ष (HOD) द्वारा उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और फेल करने की धमकी दी जा रही है। पिता के अनुसार, रात करीब 9 बजे तन्वी ने उनसे करीब एक घंटे तक बात की थी और वह बेहद परेशान थी। उन्होंने उसे ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि वह सुबह अंबाला से देहरादून पहुंचकर कॉलेज प्रबंधन से शिकायत करेंगे।

रात में अचानक संपर्क टूटा

रात करीब 11:15 बजे तन्वी ने अपनी मां को मैसेज कर बताया कि वह 12:30 बजे तक घर पहुंच जाएगी, लेकिन इसके बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया। अनहोनी की आशंका में पिता तुरंत अंबाला से देहरादून के लिए रवाना हो गए।

सड़क किनारे कार में मिली बेसुध

तड़के करीब 3 बजे पिता अस्पताल परिसर पहुंचे, लेकिन पार्किंग में तन्वी की कार नहीं मिली। तलाश के दौरान उन्हें काली माता मंदिर के पास सड़क किनारे कार खड़ी दिखाई दी। कार के अंदर तन्वी बेसुध अवस्था में मिली। पिता ने शीशा तोड़कर उसे बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

फॉरेंसिक जांच शुरू

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है। कार से दवाइयां, इंजेक्शन और छात्रा के हाथ में लगा केनुला बरामद किया गया है, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पिता का आरोप-“सिस्टम ने ली जान”

मृतका के पिता डॉ. ललित मोहन ने कहा, “मेरी बेटी डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करना चाहती थी। हमने उसे हर सुविधा दी, लेकिन सिस्टम की प्रताड़ना और लालच ने उसे हमसे छीन लिया। दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए, ताकि किसी और परिवार को ऐसा दर्द न झेलना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed