November 28, 2026

पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर छाई ‘ये प्रेम मोल लिया’, आयुष्मान-शरवरी की फिल्म ने कमाए 4 करोड़ रुपये

0
IMG-20261124-WA0008.jpg

नई दिल्ली। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी फैमिली ड्रामा फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ ने सिनेमाघरों में दस्तक देने के साथ बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की है। आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ अभिनीत इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 4 करोड़ रुपये की कमाई की। पारिवारिक मनोरंजन और भावनात्मक कहानी के साथ दर्शकों के बीच पहुंची फिल्म को शुरुआती स्तर पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने की खबर है।

फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन 4 करोड़ रुपये का नेट इंडिया कलेक्शन किया, जबकि ग्रॉस कलेक्शन लगभग 4.70 करोड़ रुपये रहा। देशभर में फिल्म के 7,251 शो आयोजित किए गए और औसत ऑक्यूपेंसी लगभग 11 प्रतिशत दर्ज की गई।

फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं। इनके अलावा अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन, शाद रंधावा और स्वानंद किरकिरे सहित कई कलाकारों ने अहम किरदार निभाए हैं। फिल्म की कहानी पारिवारिक रिश्तों, प्रेम और सामाजिक सोच के इर्द-गिर्द बुनी गई है।

इस फिल्म के साथ आयुष्मान खुराना ने पहली बार सूरज बड़जात्या के निर्देशन में काम किया है। वह बड़जात्या की फिल्मों में ‘प्रेम’ का किरदार निभाने वाले छठे अभिनेता बन गए हैं। इससे पहले सलमान खान, ऋतिक रोशन, अभिषेक बच्चन, शाहिद कपूर और सोनू सूद इस नाम से किरदार निभा चुके हैं। सलमान खान ने बड़जात्या की कई फिल्मों में प्रेम की भूमिका निभाकर इस किरदार को खास पहचान दिलाई है।

फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। करीब 11 साल बाद सूरज बड़जात्या और हिमेश रेशमिया एक साथ फिल्म के लिए काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों की जोड़ी ‘प्रेम रतन धन पायो’ में नजर आई थी। फिल्म के संगीत को रिलीज से पहले ही सोशल मीडिया पर अच्छी लोकप्रियता मिली थी।

पहले दिन की कमाई के साथ फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी शुरुआत दर्ज करा दी है। अब फिल्म के लिए सप्ताहांत के प्रदर्शन को अहम माना जा रहा है। शनिवार और रविवार को दर्शकों की संख्या में बढ़ोतरी से इसके शुरुआती कारोबार में और इजाफा होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed