July 12, 2026

वियतनाम में नाव हादसा: 15 भारतीय पर्यटकों की मौत, भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

0
6a52130149d59-tourist-boat-capsized-near-phu-quoc-island-in-vietnam-115507609-16x9-1.jpeg

वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फू क्वोक द्वीप के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट के समुद्र में पलट जाने से 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के समय नाव में 32 भारतीय पर्यटक और चार क्रू सदस्य सवार थे। राहत एवं बचाव अभियान देर शाम तक जारी रहा।

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, हादसा शनिवार दोपहर करीब एक बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ओशन पर्ल आइलैंड कंपनी की स्पीडबोट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद नाव असंतुलित होकर पलट गई। आसपास मौजूद अन्य पर्यटक नौकाओं ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। बाद में बॉर्डर गार्ड, नौसेना और तटरक्षक बल की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाया। बचाव कार्य के लिए 35 अधिकारियों और जवानों के साथ दो जहाज भी तैनात किए गए।

हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास प्रभावित भारतीयों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं तथा स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं।

भारतीय दूतावास ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नाव पर 32 भारतीय पर्यटक सवार थे। दूतावास ने हनोई और वियतनाम में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं तथा सहायता और जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

फू क्वोक द्वीप थाईलैंड की खाड़ी में स्थित वियतनाम का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। यहां के होन मे रुट द्वीप तक पहुंचने के लिए पर्यटक आमतौर पर 20 से 40 मिनट की स्पीडबोट यात्रा करते हैं। यह क्षेत्र अपनी सफेद रेत वाले समुद्र तटों, स्वच्छ समुद्री जल और कोरल रीफ डाइविंग के लिए विश्वभर के पर्यटकों के बीच लोकप्रिय माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed