May 27, 2026

उत्तरकाशी में आवारा कुत्तों का आतंक, एक दिन में 16 लोगों पर हमला

0
awara-kutton-ka-atank.jpg

उत्तरकाशी। जिला मुख्यालय क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। नगर के विभिन्न इलाकों में एक ही दिन में कुत्तों ने 16 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सबसे गंभीर मामला तांबाखानी क्षेत्र से सामने आया, जहां एक चार वर्षीय मासूम पर घर के आंगन में घुसकर कुत्ते ने हमला कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है।

जानकारी के अनुसार, तांबाखानी निवासी गौरव का चार वर्षीय बेटा दिव्यांश घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले में घूमने वाला एक आवारा कुत्ता अचानक घर में घुस आया और बच्चे की छाती व उंगली पर हमला कर दिया। बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने किसी तरह बच्चे को कुत्ते से छुड़ाया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

वहीं केदारघाट क्षेत्र में भी एक व्यक्ति पर कुत्ते ने हमला कर दिया। स्थानीय निवासी हरीश कुमार ने बताया कि वह सड़क किनारे खड़े थे, तभी अचानक एक कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने डंडे की मदद से खुद को बचाया, लेकिन तब तक वह घायल हो चुके थे।

इसके अलावा जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में 14 अन्य लोग भी आवारा कुत्तों के हमले में घायल हुए हैं। जिला अस्पताल प्रशासन के अनुसार, पिछले दो महीनों से प्रतिदिन औसतन आठ से दस लोग डॉग बाइट के मामलों में अस्पताल पहुंच रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका और पशुपालन विभाग की ओर से आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। लगातार बढ़ते हमलों के कारण लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

नगर पालिका की प्रभारी ईओ कुसुम राणा ने बताया कि कुत्तों को पकड़ने के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध हो गए हैं। एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर के निर्माण के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया चल रही है। तब तक पशुपालन विभाग के सहयोग से आवारा कुत्तों को पकड़ने का अभियान चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *