September 1, 2026

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी का मौका, पदों पर भर्ती का रास्ता साफ, UKSSSC ने जारी किया विज्ञापन

0
1788190221_sarkari-job-.jpg

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत की खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न विभागों में समूह ‘ग’ के 553 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी विज्ञापन संख्या 80/उ०अ०से०च०आ०/2026 के अनुसार इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 7 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।

भर्ती के तहत कम्प्यूटर सहायक, कनिष्ठ सहायक/सह डाटा एंट्री ऑपरेटर, प्रवर सहायक/वरिष्ठ सहायक, निबंधन लिपिक, कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ सहायक-सह-कम्प्यूटर ऑपरेटर, कम्प्यूटर ऑपरेटर, टेलीफोन ऑपरेटर, सहायक खनिज पर्यवेक्षक, भूमि अर्जन अमीन/भूमि अध्याप्ति निरीक्षक, अहलमद, कैशियर, स्टोर कीपर, गृहमाता और सर्वे लेखपाल समेत विभिन्न पद शामिल किए गए हैं।

8 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन

आयोग के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 8 सितंबर से शुरू होकर 7 अक्टूबर तक चलेगी। आवेदन पत्र में संशोधन के लिए अभ्यर्थियों को 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक का अवसर दिया जाएगा। वहीं लिखित प्रतियोगी परीक्षा की अनंतिम तिथि 15 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। परीक्षा की अंतिम तिथि और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों के संबंध में आयोग की ओर से समय-समय पर सूचना जारी की जाएगी।

आधार और हाईस्कूल प्रमाण-पत्र जरूरी

आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को अपने नाम और जन्मतिथि के सत्यापन के लिए हाईस्कूल प्रमाण-पत्र के साथ आधार कार्ड के दोनों तरफ की छायाप्रति अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा ऊर्ध्वाधर और क्षैतिज आरक्षण का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों को संबंधित श्रेणी/उपश्रेणी का प्रमाण-पत्र भी अपलोड करना होगा।

जिन पदों के लिए अनुभव प्रमाण-पत्र अनिवार्य है, उन पदों के अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान निर्धारित प्रारूप में अनुभव प्रमाण-पत्र भी अपलोड करना होगा। आयोग ने अभ्यर्थियों से आवेदन करने से पहले विस्तृत विज्ञापन में दी गई पात्रता, शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और अन्य शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की है।

  • विज्ञापन जारी: 31 अगस्त 2026
  • ऑनलाइन आवेदन शुरू: 8 सितंबर 2026
  • आवेदन की अंतिम तिथि: 7 अक्टूबर 2026
  • आवेदन संशोधन: 12 से 14 अक्टूबर 2026
  • लिखित प्रतियोगी परीक्षा: 15 नवंबर 2026 (अनंतिम)

इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन और भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर जारी विज्ञापन का अवलोकन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed