November 10, 2026

जेनी प्रकरण में हरक सिंह रावत का नया दावा, बेटे के पिता का नाम बताया ‘बबलू’

0
jeni-harak-singh-rawat.jpg

देहरादून। करीब 23 साल पुराने जेनी प्रकरण में सोमवार को नया मोड़ आ गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने मीडिया के सामने दावा किया कि जेनी के बेटे के पिता का नाम दून अस्पताल के रिकॉर्ड में ‘बबलू’ दर्ज है। उन्होंने कहा कि यह युवक उत्तर प्रदेश के बरेली का रहने वाला बताया गया है।

हरक सिंह रावत के मुताबिक, देहरादून आने से पहले जेनी करीब तीन महीने तक बबलू के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रही थी। उन्होंने दावा किया कि बाद में बबलू जेनी को दिल्ली बस अड्डे पर छोड़कर चला गया था। हालांकि, ये सभी बातें हरक सिंह रावत की ओर से किए गए दावे हैं।

गौरतलब है कि सात नवंबर को उत्तरांचल प्रेस क्लब में जेनी ने हरक सिंह रावत पर दुष्कर्म और यौन शोषण के आरोप लगाए थे। जेनी अपने 23 वर्षीय बेटे का पिता हरक सिंह रावत को बताते हुए डीएनए जांच की मांग कर रही हैं। वहीं, हरक सिंह इन आरोपों को खारिज करते हुए पुराने अस्पताल रिकॉर्ड और सीबीआई की ओर से पूर्व में कराई गई डीएनए जांच का हवाला दे रहे हैं।

अटल सरकार के समय हुई सीबीआई जांच पर भी उठाए सवाल

इस मामले में हरक सिंह रावत ने भाजपा नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता जेनी प्रकरण में सीबीआई की पुरानी जांच और उस दौरान कराई गई डीएनए जांच पर सवाल उठा रहे हैं। हरक सिंह ने कहा कि यदि भाजपा को लगता है कि जांच गलत हुई थी, तो उसे यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि क्या तत्कालीन अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के कार्यकाल में सीबीआई ने गलत जांच की थी। इस तरह, जेनी प्रकरण में दोनों पक्षों की ओर से लगातार दावे और आरोप सामने आ रहे हैं। अब इस मामले में डीएनए जांच की मांग और पुराने रिकॉर्ड को लेकर विवाद एक बार फिर चर्चा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *