November 28, 2026

पवाणी अग्निकांड प्रभावित परिवारों को ₹5-5 लाख की सहायता, छह माह का राशन भी मिलेगा

0
FB_IMG_1795753940204.jpg

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के बीच बैठकर उनकी पीड़ा सुनी और प्रत्येक परिवार से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं अपेक्षाओं की जानकारी ली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी मजबूती से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें इस कठिन परिस्थिति से उबारने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अग्निकांड प्रभावित प्रत्येक परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि आग से हुए नुकसान का विस्तृत एवं वास्तविक आकलन किया जाए और प्रभावितों को आर्थिक सहायता के साथ उनकी जरूरतों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता फिलहाल प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनके जीवन को सामान्य बनाने के लिए सुरक्षित व्यवस्था करना है। सर्दी के मौसम और क्षेत्र में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों के रहने के लिए सुरक्षित एवं समुचित इंतजाम किए जाएं, ताकि उन्हें प्रतिकूल मौसम में किसी तरह की परेशानी न हो।

अग्निकांड में घरों के साथ ही ग्रामीणों का सुरक्षित रखा छह माह का राशन भी नष्ट हो गया है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के लिए आगामी छह माह के राशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न के साथ-साथ परिवारों की अन्य दैनिक जरूरतों का भी विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी न रहे।

बच्चों की शिक्षा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने निर्देश दिए कि अग्निकांड के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यकतानुसार विद्यालय की व्यवस्था की जाए और बच्चों की शिक्षा निरंतर जारी रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुखद घटना में कई परिवारों ने अपने आशियाने और जीवनभर की जमा पूंजी खो दी है। उनकी पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। सरकार का पूरा प्रशासनिक तंत्र प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। यह केवल आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक परिवार को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करने, उनके जीवन में विश्वास और उम्मीद लौटाने तथा भविष्य को सुरक्षित बनाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह लगातार जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे तथा राहत एवं बचाव कार्यों और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रभावितों तक समय पर सहायता पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है और सभी संबंधित विभाग पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता से कार्य करें।

पवाणी गांव की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य आवश्यक विकास कार्यों की योजना बनाने के निर्देश भी दिए। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता अग्निकांड प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना, उनके पुनर्वास और मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित करना है।

इस दौरान विधायक दुर्गेश्वर लाल एवं ग्रामीणों ने अग्निकांड की घटना का तत्काल संज्ञान लेने, लगातार स्थिति की जानकारी लेने और प्रभावित परिवारों तक शीघ्र राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री के स्वयं गांव पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात करने और उनकी समस्याएं सुनने पर भी ग्रामीणों ने धन्यवाद जताया।

मुख्यमंत्री ने पुनः आश्वस्त किया कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति और गांव को फिर से व्यवस्थित करने के लिए निरंतर कार्य करेगी। इस दौरान जिलाधिकारी, जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed