प्रेम संबंध खत्म करने के लिए महिला हेड कांस्टेबल ने प्रेमी ASI की हत्या कर कार समेत जलाया, चार गिरफ्तार
अहमदाबाद। गुजरात के साबरकांठा जिले में एक महिला पुलिसकर्मी पर अपने ही विभाग में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, महिला हेड कांस्टेबल अपने प्रेम संबंध को खत्म करना चाहती थी, जबकि एएसआई उस पर रिश्ता जारी रखने का दबाव बना रहा था। इसी विवाद के चलते महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी की हत्या कर दी। इसके बाद अपने भाई और दो अन्य साथियों की मदद से शव को कार में रखकर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी महिला हेड कांस्टेबल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अल्फा कलसवा (37) चिथोडा पुलिस स्टेशन में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थी। वहीं, मृतक अश्विन तबियाद भी इसी थाने में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर के साथ इंस्पेक्टर के पर्सनल राइटर के तौर पर कार्यरत था। अश्विन अरावली जिले के भिलोडा तालुका के जिंझोडी गांव का निवासी था।
दो दिन बाद जली कार में मिले अवशेष
पुलिस जांच के मुताबिक, अश्विन 8 नवंबर की रात करीब 10:15 बजे अपनी मारुति अर्टिगा कार से ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके दो दिन बाद 10 नवंबर को भिलोडा तालुका के पादरा गांव के पास हथमाती नदी के किनारे उसकी कार जली हुई हालत में मिली। कार के अंदर मानव अवशेष पाए गए। अश्विन के पिता बाबू तबियाद ने इन अवशेषों के अपने बेटे के होने की आशंका जताई।
मामले की जांच अरावली लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) को सौंपी गई। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो महिला हेड कांस्टेबल अल्फा कलसवा की भूमिका सामने आई। पुलिस के मुताबिक, अश्विन और अल्फा के बीच प्रेम संबंध थे। अल्फा इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी, जबकि अश्विन संबंध बनाए रखने का दबाव बना रहा था।
महिला ने घर बुलाकर की हत्या, शव को बोरे में बंद कर रखा
अरावली के पुलिस अधीक्षक मनोहरसिंह जडेजा के मुताबिक, इसी विवाद के चलते 8 नवंबर की रात अल्फा ने अश्विन को चिथोडा स्थित अपने किराए के मकान पर बुलाया था। अश्विन रात में वहीं रुका। आरोप है कि इसी दौरान अल्फा ने उसकी हत्या कर दी।
हत्या के अगले दिन अल्फा ने अपने भाई कल्पेश कलसवा को फोन कर बुलाया। कल्पेश अपने चचेरे भाई पंकज के साथ मारुति ईको कार से वहां पहुंचा। इसके बाद तीनों ने अश्विन के शव को एक बोरे में बंद कर दिया और पूरे दिन घर के अंदर छिपाकर रखा।
दो कारों से रची शव ठिकाने लगाने की साजिश
पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। पंकज मृतक की अर्टिगा कार लेकर कनादार गांव के बाहरी इलाके में एक मंदिर के पास सुनसान जंगल में पहुंचा और कार खड़ी कर वापस लौट आया। इस दौरान अल्फा और कल्पेश ईको कार से उसके पीछे गए थे।
रात होने पर कल्पेश ने अपने दोस्त मनोज निनामा को भी बुला लिया। इसके बाद चारों आरोपी ईको कार से जंगल पहुंचे और शव से भरे बोरे को अर्टिगा कार की बीच वाली सीट के पास रख दिया। फिर मनोज अर्टिगा कार चलाकर पादरा गांव की ओर रवाना हुआ, जबकि अल्फा और कल्पेश ईको कार से उसके पीछे चलते रहे। हथमाती नदी के किनारे पहुंचने के बाद आरोपियों ने अर्टिगा कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। उनका मकसद शव और हत्या से जुड़े सबूतों को नष्ट करना था।
सीसीटीवी फुटेज और पेट्रोल पंप से मिला अहम सुराग
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान अरावली और साबरकांठा जिलों के विभिन्न इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद कार जलाने के लिए आरोपियों ने विजयनगर स्थित एक पेट्रोल पंप से ईको कार के जरिए कैन में पेट्रोल खरीदा था।
पुख्ता साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने महिला हेड कांस्टेबल अल्फा कलसवा, उसके भाई कल्पेश कलसवा, चचेरे भाई पंकज और दोस्त मनोज निनामा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। इस वारदात ने पुलिस विभाग के भीतर भी सनसनी फैला दी है।
