June 2, 2026

सलमान खान की लीगल टीम ने ‘काला हिरण’ फिल्म के मेकर्स को भेजा नोटिस, विवाद गहराया

0
kala-hiran.jpg

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के चर्चित काला हिरण शिकार मामले पर आधारित बताई जा रही फिल्म ‘काला हिरण’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। फिल्म का पोस्टर जारी होने और जल्द टीजर रिलीज करने की घोषणा के बाद सलमान खान की लीगल टीम ने फिल्म के निर्माताओं को कानूनी नोटिस भेजा है।

फिल्म के निर्माता अमित जानी ने दावा किया है कि सलमान खान की ओर से भेजे गए नोटिस में उनके नाम, व्यक्तित्व और उनसे जुड़ी घटनाओं के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई गई है। अमित जानी ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर नोटिस का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए आरोप लगाया कि फिल्म से जुड़े लोगों को नोटिस भेजकर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।

कानूनी नोटिस के अनुसार, सलमान खान ने फिल्म में उनके नाम, छवि या व्यक्तित्व के उपयोग की कोई अनुमति नहीं दी है। इसके अलावा नोटिस में यह भी कहा गया है कि काला हिरण शिकार मामला अभी राजस्थान हाईकोर्ट में विचाराधीन है। ऐसे में इस मामले पर आधारित फिल्म का निर्माण और प्रदर्शन न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है।

बताया जा रहा है कि ‘काला हिरण’ एक कोर्टरूम ड्रामा और क्राइम थ्रिलर फिल्म है, जिसमें सलमान खान और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के बीच विवाद और उससे जुड़ी घटनाओं को फिल्मी अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के कई शहरों में की गई है।

फिल्म के निर्माता 21 जून 2026 को इसका टीजर जारी करने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि कानूनी नोटिस के बाद फिल्म की रिलीज और आगे की प्रक्रिया को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं। अब इस मामले में फिल्म निर्माताओं और सलमान खान की कानूनी टीम के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *