November 19, 2025

Uttarakhand : निर्माण कंपनी की गुंडागर्दी, युवक की पोकलैंड मशीन से हत्या, इलाके में आक्रोश

0
  • सतपुली-गुमखाल मार्ग पर चल रहा निर्माण कार्य बना मौत का कारण

पौड़ी : पौड़ी गढ़वाल जनपद में सतपुली-गुमखाल मार्ग पर निर्माण कार्य कर रही कंपनी श्री कल्याण शिवालिक इंफ्रा पर गंभीर आरोप लगे हैं। देर रात नोसिन डाडामंडी निवासी एक युवक सुमन देवरानी की पोकलैंड मशीन से कुचलकर हत्या कर दी गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह हत्या कंपनी के कर्मियों द्वारा की गई है, और इसे एक सोची-समझी साजिश बताया जा रहा है।

रात को काम, सवालों के घेरे में कंपनी

ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि आखिर श्री कल्याण शिवालिक इंफ्रा को रात के समय कार्य करने की अनुमति किसने दी? जब सार्वजनिक निर्माण कार्यों को लेकर दिन के समय ही तय मानदंड हैं, तो फिर रात के अंधेरे में मशीनें क्यों चलाई जा रही थीं?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुमन देवरानी सोमवार रात को किसी काम से निर्माण स्थल के पास गया था। उसी दौरान कंपनी की पोकलैंड मशीन ने उसे कुचल दिया। स्थानीय लोग इसे दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या बता रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सुमन का कंपनी कर्मियों से पहले विवाद हो चुका था, और यह घटना उसी रंजिश का परिणाम है।

इलाके में आक्रोश, कार्रवाई की मांग

घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से बंद कराने और जिम्मेदारों की गिरफ्तारी की मांग की है। कई लोगों ने प्रशासन से यह भी सवाल किया है कि जब यह निर्माण कार्य रिहायशी इलाके के पास चल रहा था, तो सुरक्षा के उचित प्रबंध क्यों नहीं किए गए?

प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

स्थानीय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

सुमन देवरानी के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

The post Uttarakhand : निर्माण कंपनी की गुंडागर्दी, युवक की पोकलैंड मशीन से हत्या, इलाके में आक्रोश first appeared on headlinesstory.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *