July 27, 2026

उत्तराखंड : 9 दिन बाद जंगल में मिला 5 वर्षीय लापता मासूम पंकू का शव

0
rudrparyag-panku-dad-body.jpg

रुद्रप्रयाग जिले के बाड़ब गांव से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। 9 दिनों से लापता 5 वर्षीय बालक मयंक उर्फ पंकू का शव जंगल में बरामद होने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

4 अप्रैल को हुआ था लापता

जानकारी के अनुसार, 4 अप्रैल को पंकू अपने घर के पास से अचानक लापता हो गया था। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो मामले की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई। इसके बाद खोजबीन के लिए टीमों को सक्रिय किया गया।

SDRF और ग्रामीणों ने चलाया सर्च अभियान

एसडीआरएफ की टीम ने उप निरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में सघन सर्च अभियान चलाया। दुर्गम पहाड़ी इलाके और घने जंगलों के बीच ड्रोन और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से लगातार खोजबीन की गई।

जंगल में मिला शव

रविवार, 12 अप्रैल को गांव से करीब दो किलोमीटर दूर ऊपरी पहाड़ी क्षेत्र में बच्चे का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अब रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों का पता चल सके।

मां के पीछे-पीछे निकला था बच्चा

परिजनों के अनुसार, घटना के दिन पंकू के पिता खेत में काम कर रहे थे। दोपहर में उसकी मां खाना लेकर खेत की ओर गई थीं। इसी दौरान पंकू भी चुपचाप उनके पीछे निकल गया, लेकिन मां को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। जब वह घर लौटीं तो बच्चा गायब था।

गांव में पसरा मातम

जैसे ही मासूम का शव गांव पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में सन्नाटा छा गया है। पिछले 9 दिनों से परिजन और ग्रामीण बच्चे के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन इस घटना ने सभी को झकझोर दिया।

जांच की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की गहन जांच की मांग की है। गांव में इस घटना के बाद भय और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed