October 29, 2026

किश्तवाड़ में मुठभेड़, आतंकियों को घेरने में जुटे सुरक्षाबल, कुलगाम ऑपरेशन में दो जवान शहीद, दो घायल

0
1754799972_jammu-kashmir-encounter-army.jpg

जम्मू : जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दुल क्षेत्र में रविवार सुबह आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ छिड़ गई। सेना और पुलिस के संयुक्त अभियान में आतंकियों को इलाके में घेर लिया गया है और गोलीबारी लगातार जारी है।

भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर ने जानकारी दी कि आतंकवाद विरोधी अभियान में सेना के जवान मोर्चा संभाले हुए हैं और आतंकियों को दबाव में लाने के लिए चारों ओर से घेराबंदी की गई है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ स्थल से लगातार गोलियों की आवाज आ रही है।

कुलगाम ऑपरेशन में नौवां दिन, दो जवान शहीद

इसी बीच, दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में चल रहा ऑपरेशन अखल लगातार नौवें दिन भी जारी है। शनिवार रात आतंकियों के साथ मुठभेड़ में सेना के लांस नायक प्रीतपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह शहीद हो गए, जबकि दो अन्य जवान घायल हो गए।

सेना की चिनार कोर ने एक्स पर पोस्ट करते हुए दोनों जवानों के सर्वोच्च बलिदान को सलाम किया और कहा, “उनका साहस और समर्पण हमेशा हमें प्रेरित करेगा।” सेना ने शोक संतप्त परिवारों के साथ एकजुटता व्यक्त की है।

घना जंगल, खड़ी चढ़ाई और स्नाइपर की चुनौती

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अखल वन क्षेत्र में आतंकियों ने स्नाइपर का इस्तेमाल करते हुए सुरक्षाबलों को निशाना बनाया, जिसके चलते यह क्षति हुई। घना जंगल और खड़ी चढ़ाई जवानों की आगे बढ़ने की गति धीमी कर रही है। इस चुनौतीपूर्ण इलाके में आतंकियों को ढूंढने और दबोचने के लिए सेना ड्रोन, क्वाडकॉप्टर, हेलीकॉप्टर और खोजी कुत्तों का इस्तेमाल कर रही है।

चौबीसों घंटे निगरानी

अभियान की निगरानी जम्मू-कश्मीर पुलिस प्रमुख नलिन प्रभात, सेना के उत्तरी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा और कश्मीर ज़ोन के आईजीपी वीके बिरदी व्यक्तिगत रूप से कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि तब तक ऑपरेशन जारी रहेगा जब तक आतंकियों का सफाया नहीं हो जाता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed