November 19, 2026

देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ की एंट्री, मुख्यमंत्री धामी ने किया बाड़े का लोकार्पण

0
Screenshot_2026-11-19-12-08-15-56_a4f5ffe0bbdc3d5d81712064ead7664e.jpg

देहरादून। राजधानी देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में अब पर्यटकों को सफेद बाघ देखने का मौका मिलेगा। गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सफेद बाघ ‘तेजस’ के लिए तैयार किए गए नए बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। सफेद बाघ के आने से देहरादून चिड़ियाघर के आकर्षण में और इजाफा होने की उम्मीद है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी चिड़ियाघर में निशुल्क प्रवेश देने की घोषणा की।

बाड़े का लोकार्पण करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने से देहरादून चिड़ियाघर पर्यटकों के लिए और आकर्षक बनेगा। इससे यहां आने वाले लोगों को वन्यजीवों को करीब से देखने और उनके बारे में जानने का नया अनुभव मिलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार इस तरह का सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले भी चिड़ियाघर में दूसरी प्रजातियों के दो बाघ लाए गए थे, जिन्हें देखने के लिए पर्यटकों में खासा उत्साह रहा है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां हर साल लगभग 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने के बाद पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।

कॉलेज के विद्यार्थियों को भी निशुल्क प्रवेश

मुख्यमंत्री ने चिड़ियाघर में कॉलेज के विद्यार्थियों को निशुल्क प्रवेश देने की घोषणा करते हुए कहा कि यह पहल युवाओं को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने में मददगार साबित होगी। उन्होंने कहा कि चिड़ियाघर केवल मनोरंजन और पर्यटन का केंद्र नहीं है, बल्कि वन्यजीवों और प्रकृति के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि पहले ही बच्चों के लिए चिड़ियाघर में निशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इससे बच्चों को वन्यजीवों, वनों की जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिला है। अब कॉलेज के विद्यार्थियों को भी निशुल्क प्रवेश मिलने से वे पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विषयों की व्यावहारिक जानकारी हासिल कर सकेंगे।

पर्यावरण संरक्षण के साथ विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर साल विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना भी बेहद जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख वन संपदा वाले राज्यों में शामिल है। यहां के जंगल और जैव विविधता राज्य की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना केवल सरकार ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीवों के संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने और विद्यार्थियों के लिए निशुल्क प्रवेश जैसी पहल से चिड़ियाघर की लोकप्रियता बढ़ेगी। साथ ही वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के प्रति लोगों की भागीदारी भी मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed