September 6, 2026

मसूरी में भूस्खलन से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त, मार्ग बंद

0
1200-675-27568010-thumbnail-16x9-pic-aspera.jpeg

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में अंबेडकर चौक से कैमल बैक रोड जाने वाले मार्ग पर कृष्णा पैलेस होटल के सामने भूस्खलन से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क के नीचे का बेस खिसकने से मार्ग के धंसने का खतरा बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन और पुलिस ने एहतियातन सड़क को पूरी तरह यातायात के लिए बंद कर दिया है। दोनों ओर बैरिकेडिंग लगाकर लोगों और वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।

कभी भी धंस सकता है सड़क का हिस्सा

बताया गया कि भूस्खलन के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी और बेस काफी हद तक खिसक गया है। ऐसे में यदि कोई भारी वाहन या अन्य वाहन क्षतिग्रस्त हिस्से से गुजरता है तो सड़क का बचा हुआ हिस्सा भी धंस सकता है। संभावित हादसे को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल मार्ग बंद करने का निर्णय लिया। रात के समय किसी व्यक्ति या वाहन के क्षतिग्रस्त हिस्से तक पहुंचने से रोकने के लिए विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

मौके पर पहुंचीं पालिका अध्यक्ष

घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी मौके पर पहुंचीं और क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि सड़क के नीचे का बेस खाली हो जाने के कारण फिलहाल यहां से यातायात संचालित करना सुरक्षित नहीं है। सड़क को बिना सुरक्षित किए वाहनों की आवाजाही शुरू करना हादसे को न्योता देने जैसा होगा।

पेयजल लाइनों के रिसाव पर उठे सवाल

पालिका अध्यक्ष ने सड़क की मौजूदा स्थिति के पीछे क्षेत्र में हाल में किए गए पेयजल पाइपलाइन कार्य और जल निकासी व्यवस्था की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सड़क के आसपास जल निगम और जल संस्थान की कई पेयजल लाइनें कथित तौर पर रिसाव कर रही हैं। पानी के जमीन के भीतर जाने से मिट्टी कमजोर होने और सड़क का बेस खोखला होने की आशंका है।

इसके अलावा पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत और मिट्टी के समुचित भरान की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, सड़क क्षतिग्रस्त होने के वास्तविक कारणों की पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी।

आज अधिकारियों के साथ होगा निरीक्षण

पालिका अध्यक्ष के अनुसार जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को रविवार सुबह मौके पर बुलाया गया है। दोनों विभागों के अधिकारियों के साथ सड़क और आसपास की स्थिति का संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद सड़क को सुरक्षित करने, जल रिसाव रोकने और क्षतिग्रस्त हिस्से के पुनर्निर्माण के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

हादसे की आशंका के चलते आवाजाही पर रोक

फिलहाल मार्ग पूरी तरह बंद होने से अंबेडकर चौक से कैमल बैक रोड की ओर जाने वाले लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से को सुरक्षित करना है। अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत और सुरक्षा कार्य पूरा होने के बाद ही मार्ग को यातायात के लिए खोला जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *