August 4, 2026

अगले 24 घंटे उत्तराखंड में ऐसा रहेगा मौसम, बागेश्वर और देहरादून में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

0
1785825044_weather-alert.jpg

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के दौरान बागेश्वर और देहरादून जिले में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अन्य जिलों खासकर पहाड़ी जिलों में भारी बारिश का अनुमान जारी किया गया है। विशेष रूप से बागेश्वर और देहरादून जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली चमकने की प्रबल संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पिथौरागढ़, नैनीताल और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में भी तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। लगातार वर्षा के कारण संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, अचानक जलभराव और छोटे नालों के उफान की आशंका बनी हुई है।

प्रशासन ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन, पुलिस और राहत एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और विशेषकर पहाड़ी मार्गों तथा नदी-नालों के आसपास अतिरिक्त सावधानी बरतें।

चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की भी सलाह दी गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि यदि वर्षा की तीव्रता बढ़ती है तो पर्वतीय क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed