November 10, 2026

यमकेश्वर के कोटा गांव में हाथियों का आतंक, फसलें बर्बाद होने से किसान परेशान

0
elephant-attack.jpg
  • ग्रामीणों ने विधायक और जिला प्रशासन को भेजा ज्ञापन.
  • फसलों के मुआवजे और हाथियों से सुरक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था की मांग.

यमकेश्वर (पौड़ी)। यमकेश्वर ब्लॉक के ग्राम कोटा में जंगली हाथियों का आतंक ग्रामीणों के लिए लगातार परेशानी का कारण बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब 20 वर्षों से हाथी गांव में घुसकर किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। मंगलवार, 10 नवंबर को भी हाथियों ने गांव में घुसकर केले, आलू, धान सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया।

इस संबंध में ग्राम कोटा के ग्रामीणों ने यमकेश्वर विधायक, जिलाधिकारी पौड़ी, प्रभागीय वनाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख और संबंधित वन क्षेत्राधिकारी को शिकायत भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि किसान दिन-रात मेहनत कर फसल तैयार करते हैं, लेकिन हाथियों के झुंड उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर देते हैं। लगातार हो रहे नुकसान से किसानों की आजीविका प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों ने चिंता जताई कि लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने के कारण गांव के लोग खेती से विमुख हो रहे हैं और पलायन करने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले समय में गांव में खेती और ग्रामीण जीवन पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।

ग्रामीणों ने रखीं छह मांगें

ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल टीम भेजकर गांव में हाथियों से हुए नुकसान का निरीक्षण कराने और प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। इसके साथ ही हाथियों को गांव में आने से रोकने के लिए सोलर फेंसिंग, सुरक्षा खाई या अन्य प्रभावी व्यवस्था करने की मांग उठाई है।

ज्ञापन में गांव के आसपास वन विभाग की नियमित गश्त और हाथियों की निगरानी सुनिश्चित करने, पिछले दो दशक से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान निकालने तथा फसल नुकसान के मुआवजे की प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाने की मांग भी शामिल है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से उनकी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करने की अपील की है। उनका कहना है कि खेती उनकी आजीविका का प्रमुख आधार है और गांव की सुरक्षा के साथ किसानों के हितों की रक्षा करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *