September 17, 2026

संसद परिसर में विपक्ष का अनोखा प्रदर्शन, साधु बने पप्पू यादव ने जुटाया ‘चढ़ावा’, राहुल-खड़गे ने डाले पैसे

0
papu-yadav-as-baba.jpg

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को संसद परिसर में इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान निर्दलीय सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में नजर आए और प्रतीकात्मक रूप से ‘चढ़ावा’ एकत्र करते दिखे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित विपक्ष के कई सांसदों ने प्रतीकात्मक रूप से उन्हें चढ़ावा भी चढ़ाया।

विपक्षी सांसदों ने संसद के मकर द्वार के सामने प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान सांसदों ने “अमित शाह इस्तीफा दो”, “अमित शाह सदन में आओ” और “चढ़ावा चोर, गद्दी छोड़” जैसे नारे लगाए। साथ ही उन्होंने गृह मंत्री की सदन में अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाए।

दान पेटियों के जरिए दिया प्रतीकात्मक संदेश

प्रदर्शन के दौरान संसद परिसर में दान पेटियां रखी गईं। साधु के वेश में बैठे पप्पू यादव के पास राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य विपक्षी सांसदों ने प्रतीकात्मक रूप से चढ़ावा डाला। इसके बाद पप्पू यादव ने उन पैसों को अपनी जेब में रख लिया। विपक्ष ने इसे राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के आरोपों का प्रतीकात्मक प्रदर्शन बताया।

कई विपक्षी नेता रहे मौजूद

प्रदर्शन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद और धर्मेंद्र यादव, झारखंड मुक्ति मोर्चा की सांसद महुआ माजी समेत इंडिया ब्लॉक के कई नेता शामिल हुए। सांसदों ने एक बड़े बैनर के साथ प्रदर्शन किया, जिस पर लिखा था— “अमित शाह सदन से गायब क्यों?”

इन मुद्दों पर सरकार को घेर रहा विपक्ष

इंडिया ब्लॉक ने कहा कि वह राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगता रहेगा। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था।

उन्होंने आरोप लगाया था कि छात्रों पर हुई कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है और इस मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए। हालांकि, राम मंदिर चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के आरोपों पर संबंधित पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। विपक्ष के प्रदर्शन के बाद संसद परिसर का माहौल कुछ देर तक गरमाया रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed